जनगणना 2027 प्रशिक्षण का डीएम ने किया निरीक्षण,शुद्धता पर जोर
खानपुर।जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अनुपम शुक्ला ने क्षेत्र के हीरा सिंह यादव वीरेंद्र सिंह यादव इंटर कॉलेज, गोरारी विक्रमपुर में जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रगणकों की तैयारियों का जायजा लिया और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील है, जिसमें शत-प्रतिशत शुद्धता और सावधानी आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही सभी जानकारियों को गंभीरता से समझें और अपने क्षेत्र में उसका सही अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी गणनाकर्मी पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षुओं से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें मास्टर ट्रेनर से समन्वय कर समाधान प्राप्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहे कार्मिकों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की और व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी सैदपुर ज्योति चौरसिया, तहसीलदार हिमांशु सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




