तेज धूप और लू का लॉकडाउन, सड़कें खाली
खानपुर।तेज धूप और गर्मी का कहर जारी रहने से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। लगातार छह दिनों से अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। रविवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा।नगर सहित ग्रामीण इलाकों में लोग गर्मी से परेशान हैं। दोपहर के समय प्रमुख मार्गों पर सन्नाटा छाया रहा। जरूरी कार्य से बाहर निकलने वाले लोग सिर ढककर जाते देखे गए। रविवार को सुबह से ही तेज धूप निकली। सुबह नौ बजे से ही सूरज की तपिश लोगों को झुलसाने लगी। दोपहर होते-होते आसमान से आग बरसने का एहसास होने लगा। आर्द्रता 14 प्रतिशत रही और 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।दोपहर के समय लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। जरूरी होने पर ही लोग पूरे बदन को ढककर निकल रहे हैं।गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं।गन्ने का रस, लस्सी और बेल के शरबत की दुकानों पर भीड़ देखी जा रही है। जिला अस्पताल और निजी क्लीनिकों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डॉक्टरों के अनुसार, लू लगना, डिहाइड्रेशन,उल्टी-दस्त और तेज बुखार के मरीज अधिक संख्या में पहुंच रहे हैं। सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पूर्व अधीक्षक डॉ. दीपक पाण्डेय ने बताया कि खाली पेट बाहर न निकलें और अधिक से अधिक पानी व तरल पदार्थों का सेवन करें।




