बमनौली गांव में 10 साल पुराने घर को 8 फुट ऊपर उठाया गया

बमनौली गांव में 10 साल पुराने घर को 8 फुट ऊपर उठाया गया

खानपुर क्षेत्र के बमनौली गांव में इन दिनों आधुनिक इंजीनियरिंग का एक अनोखा नजारा देखने को मिल रहा है। यहां राजकुमार विश्वकर्मा नाम के ग्रामीण ने अपने करीब 10 साल पुराने मकान को तोड़ने के बजाय उसे जैक तकनीक की मदद से 8 फुट ऊपर उठवा लिया है।
राजकुमार का घर सड़क से नीचे होने के कारण बारिश के दिनों में जलभराव की गंभीर समस्या का सामना कर रहा था। घर के निचले हिस्से में पानी भरने से परिवार को काफी परेशानी होती थी। इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए उन्होंने विशेषज्ञों की सलाह ली और पूरे मकान को ही ऊपर उठाने का निर्णय लिया।
विशेषज्ञ कारीगरों और इंजीनियरों की टीम ने आधुनिक जैक सिस्टम का उपयोग करके मकान को सुरक्षित तरीके से ऊपर उठाया। अब मकान के नीचे सात कमरों वाले नए ग्राउंड फ्लोर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
पुरानी इमारत को बिना किसी नुकसान के हवा में उठा देने के इस अद्भुत काम को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। यह तकनीक उन लोगों के लिए एक मिसाल बन गई है जिनके घर सड़क के लेवल से नीचे हो गए हैं।