खानपुर की बेटी अंशिका यादव ने रचा इतिहास, बनीं देश की पहली महिला इंटरनेशनल बॉक्सिंग रेफरी
खानपुर क्षेत्र के भुजाड़ी गांव की होनहार बेटी अंशिका यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। अंशिका ने इंटरनेशनल बॉक्सिंग रेफरी परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर देश की पहली महिला इंटरनेशनल बॉक्सिंग रेफरी बनने का गौरव प्राप्त किया है।अब अंशिका यादव अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए रेफरी की अहम जिम्मेदारी निभाएंगी। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।बताया जा रहा है कि इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह प्रतिष्ठित परीक्षा आंध्र प्रदेश में संपन्न हुई थी, जिसमें अंशिका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ‘वन स्टार इंटरनेशनल रेफरी’ का दर्जा हासिल किया। 24 अप्रैल को स्विट्जरलैंड स्थित संस्था द्वारा परिणाम घोषित होते ही परिवार और गांव में जश्न का माहौल बन गया।अंशिका के पिता अशोक यादव बस चालक हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटी को आगे बढ़ाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। अंशिका ने इससे पहले भी बॉक्सिंग में कई पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की है।परिवार के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामबचन यादव ने कहा कि अंशिका की सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से गांव की बेटियां भी विश्व मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।अंशिका की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




