आलमपुर गांव में मातम: सड़क हादसे में चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत, तीन अन्य घायल
खानपुर।थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में उस समय मातम छा गया, जब सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत की खबर गांव पहुंची। बुधवार को जैसे ही दोनों युवकों के शव गांव पहुंचे, पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात करीब एक बजे आजमगढ़ जिला के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के पचरुखवा गांव के पास आमने-सामने से आ रही अपाचे और पल्सर बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आलमपुर निवासी अंकित यादव (15 वर्ष) पुत्र रामनयन यादव और उनके चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव (25 वर्ष) पुत्र राजेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।बताया जा रहा है कि सभी लोग बरात से घर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बुधवार को शव गांव भेजे गए।गांव पहुंचते ही दोनों घरों में मातम पसर गया। मृतक अंकित यादव तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटे थे। बेटे की मौत से मां चंदा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं धर्मेंद्र यादव दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे। मां फूलमती देवी बेटे को याद कर बार-बार बेसुध हो जा रही हैं।एक ही परिवार के दो चिराग बुझ जाने से पूरे आलमपुर गांव में शोक की लहर है। गांव के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं, लेकिन हर आंख नम नजर आ रही है।




