मौसम का बदला मिजाज: भारी बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित, बिजली विभाग को भारी नुकसान

मौसम का बदला मिजाज: भारी बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित, बिजली विभाग को भारी नुकसान


सैदपुर: भीषण गर्मी और उमस झेल रहे सैदपुर के निवासियों को बुधवार शाम अचानक बदले मौसम ने राहत तो दी, लेकिन साथ ही काफी मुश्किलें भी खड़ी कर दीं। तेज हवाओं के साथ हुई जोरदार बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।  मौसम के इस बदले रुख ने जहाँ लोगों को गर्मी से निजात दिलाई, वहीं बिजली विभाग और किसानों के लिए मुश्किलें पैदा कर दी हैं। खेतों में खड़ी सब्जियों की फसलों को ओलावृष्टि से काफी नुकसान पहुँचा है। तेज आंधी के कारण नगर के सादात रोड और पुरानी मछली मंडी समेत तीन प्रमुख स्थानों पर 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन पोल टूटकर गिर गए। विभाग के अनुसार, पूरे उपखंड क्षेत्र में लगभग 30 पोल और तार क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे विभाग को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। उपखंड अधिकारी एके सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। सादात रोड स्थित पॉपुलर क्लॉथ स्टोर के पास एक हाईटेंशन पोल खतरनाक तरीके से सड़क की ओर झुक गया था, जिससे अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।