निर्माणाधीन दीवार गिराने पर बवाल, रात भर चली मरम्मत और पुलिस का पहरा
मरदह: सुप्रसिद्ध पौराणिक तीर्थ स्थल महाहर धाम मंदिर परिसर में रविवार की रात उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब पर्यटन विभाग द्वारा बनाई जा रही एक निर्माणाधीन दीवार को कुछ अज्ञात तत्वों ने ढहा दिया। पर्यटन विभाग द्वारा मंदिर के सुंदरीकरण कार्य के तहत बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है। रविवार देर रात शरारती तत्वों ने निर्माणाधीन दीवार को धक्का देकर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मरदह पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस ने आनन-फानन में रात में ही राजगीर बुलाकर दीवार की मरम्मत करवाई। इस मामले में महाहर धाम शिवमंदिर सेवाश्रम के सचिव वीरेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ कासिमाबाद, उज्जवल राजर्षि ने बताया कि कुछ लोगों ने दीवार को क्षति पहुँचाई थी, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।




