तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल, बेटी की शादी की खुशियां गम में बदलीं
करीमुद्दीनपुर: थाना क्षेत्र के पहराजपुर चट्टी के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम महसनपुर निवासी मुरली मनोहर कुशवाहा अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर रसड़ा की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वे पहराजपुर चट्टी के पास पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस जबरदस्त भिड़ंत में मुरली मनोहर कुशवाहा का एक पैर फ्रैक्चर हो गया और वे गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। घटना की सूचना मिलते ही 'यूपी डायल 112' की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल इलाज के लिए बाराचवर ले जाया गया। वहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है। परिजनों ने बताया कि मुरली मनोहर की बेटी की शादी तय है और आगामी 1 मई को तिलक समारोह होना था। वे इसी कार्यक्रम के लिए सामान खरीदने रसड़ा जा रहे थे कि रास्ते में यह हादसा हो गया। इस घटना के बाद से खुशियों वाले घर में कोहराम मचा हुआ है और परिवार के सभी लोग गहरे सदमे में हैं।




