अंतिम संस्कार में जा रही कार को टैंकर ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे लोग
सादात : सादात थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे 124डी पर सड़क निर्माण कार्य में लगे एक टैंकर और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि गनीमत रही कि वाहनों की रफ्तार कम होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सभी सवार सुरक्षित बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहरियाबाद के रायपुर निवासी स्वर्गीय बलिराम यादव की पत्नी रमनी देवी का निधन हो गया था। उनके परिजन और सगे-संबंधी कार से शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए सैदपुर स्थित श्मशान घाट जा रहे थे। इसी दौरान सादात के एसबीआई शाखा के पास सामने से आ रहे निर्माण कंपनी के टैंकर ने कार को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला भाग पिचक गया, लेकिन कार चालक राजेश यादव सहित मृतक महिला के पोते राधे यादव, सतिराम यादव और श्यामनारायण यादव सुरक्षित बच गए। उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। कार सवारों ने आरोप लगाया कि टैंकर चालक गलत दिशा से आ रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




