बिजली विभाग की लापरवाही: करंट की चपेट में आने से दुधारू भैंस की मौत, ग्रामीणों का भारी हंगामा

बिजली विभाग की लापरवाही: करंट की चपेट में आने से दुधारू भैंस की मौत, ग्रामीणों का भारी हंगामा


सैदपुर: रामपुर मांझा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ जमीन पर गिरे बिजली के तार के संपर्क में आने से एक दुधारू भैंस की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली उपकेंद्र पर जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की।  मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पशुपालक अवधेश राम की भैंस बुधवार को चरते समय जमीन पर गिरे हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले सड़क से गुजर रहे एक ट्रक की टक्कर से बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया था। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत तुरंत बिजली विभाग से की थी, लेकिन विभाग ने समय रहते न तो तार हटवाया और न ही उसकी मरम्मत की।   हद तो तब हो गई जब विभाग ने टूटे हुए तार में बिजली की सप्लाई बंद नहीं की। गुरुवार को जब पशुपालक की भैंसें उस क्षेत्र में गईं, तो करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य भैंसें बाल-बाल बच गईं।  घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में पहाड़पुर उपकेंद्र पहुंचे और विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख रामपुर मांझा, सैदपुर और नंदगंज थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर ग्रामीणों को शांत कराया। अधिकारियों द्वारा पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा दिलाने के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन इस घटना ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा के प्रति उनकी गंभीरता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।