दोस्त की बहन की शादी में आए नोएडा के युवक की डूबने से मौत

दोस्त की बहन की शादी में आए नोएडा के युवक की डूबने से मौत


बारा : उत्तर प्रदेश के बारा क्षेत्र स्थित नरवा घाट पर गुरुवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना घटी। अपने दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने नोएडा से आए 19 वर्षीय युवक जतिन शर्मा की गंगा में डूबने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब जतिन अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान कर रहा था।  प्राप्त जानकारी के अनुसार, नोएडा के सूरजपुर निवासी जतिन शर्मा (पुत्र दिनेश शर्मा) अपने अन्य दोस्तों—राज, अमित, संतोष, अनमोल, अनुज और अंशु के साथ बारा थाना क्षेत्र के हथौड़ी गाँव आए थे। यहाँ उनके दोस्त सूरज की बहन की शादी 28 अप्रैल को होनी थी। शादी की रस्मों के बीच गुरुवार को सभी दोस्त नरवा घाट पर कंकन की रस्म और स्नान के लिए गए थे।   

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जतिन अपने दोस्तों के साथ गंगा में नहाते हुए मोबाइल से वीडियो बना रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। जतिन को अपनी आँखों के सामने डूबता देख उसके दोस्त बदहवास हो गए और शोर मचाना शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि जतिन कक्षा 12वीं का छात्र था और एक क्रिकेट अकादमी में नियमित अभ्यास करता था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। इस घटना के बाद से ही परिजनों और दोस्तों में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूचना मिलते ही बारा पुलिस मौके पर पहुँची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक जतिन की खोजबीन की गई, लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल सका है। कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि गोताखोरों द्वारा तलाशी अभियान लगातार जारी है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।