आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ के ग्राम सभा धरम्मरपुर में आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से 28 वर्षीय युवक लालबहादुर यादव की जान चली गई है।
दूध देकर घर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 7:30 बजे की है। लालबहादुर यादव डेयरी पर दूध देकर और दुकान से नमक लेकर पैदल अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और वह तेज आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। काफी देर बाद जब ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, तब इस हादसे का पता चला।
अस्पताल पहुँचने से पहले ही तोड़ा दम
ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में लालबहादुर को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद जमानिया अस्पताल ले गए। हालांकि, वहाँ के चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक लालबहादुर यादव, हरि यादव के तीन पुत्रों में सबसे छोटा था। बताया जा रहा है कि उसकी शादी पिछले वर्ष ही हुई थी। इस अचानक हुई घटना से पूरे गाँव में शोक की लहर है। मृतक की पत्नी पूनम और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।




