चुनावी रंजिश में घर में घुसकर जानलेवा हमला, अरमान गंभीर रूप से घायल; पुलिस पर 'फर्जी मुठभेड़' का आरोप
दिलदारनगर : उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के महना कलां गांव से चुनावी रंजिश का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के दबंगों पर एक घर में घुसकर जानलेवा हमला करने और मारपीट करने का आरोप लगा है। इस हमले में अरमान नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पीड़ित औरंगजेब द्वारा न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, घटना 22 नवंबर 2025 की दोपहर करीब 3:00 से 3:30 बजे के बीच की है। औरंगजेब अपने पट्टीदार अरमान के साथ दिलदारनगर बाजार से घर लौट रहे थे। आरोप है कि महना चट्टी के पास पहले से घात लगाए बैठे बृजेश पांडेय और उनके सहयोगियों ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो लाठी-डंडा, तलवार और लोहे की रॉड से लैस हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। अपनी जान बचाने के लिए औरंगजेब और अरमान अपने घर में घुस गए, लेकिन हमलावरों ने घर के भीतर घुसकर भी मारपीट जारी रखी। इस दौरान हमलावरों ने चुनावी रंजिश की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। हमले में अरमान के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। औरंगजेब भी इस हमले में घायल हुए हैं।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि शोर सुनकर आए ग्रामीणों ने किसी तरह उनकी जान बचाई। घटना के बाद घायलों का इलाज कराया गया और थाने में सूचना दी गई। हालांकि, पीड़ित ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बजाय उनके प्रभाव में आकर अरमान को ही 'फर्जी मुठभेड़' (फेक एनकाउंटर) में पैर में गोली मार दी।
इस मामले को लेकर पीड़ित ने अब न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना निरीक्षक प्रभारी का कहना है कि न्यायालय से प्राप्त प्रार्थना पत्र की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।




