तेज आंधी से पीपा पुल टूटा, फिरोजपुर-बारा के बीच आवागमन ठप

तेज आंधी से पीपा पुल टूटा, फिरोजपुर-बारा के बीच आवागमन ठप


भांवरकोल: स्थानीय क्षेत्र में बुधवार की शाम आई भीषण आंधी और तूफान के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस प्राकृतिक आपदा का सबसे बड़ा असर फिरोजपुर और बारा गांव के बीच गंगा नदी पर बने पीपा पुल पर पड़ा। तेज हवाओं के दबाव के कारण पुल के अधिकांश पीपे बहकर अलग-थलग हो गए, जिससे पुल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
पीपा पुल के टूटने से गंगा पार का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। इसका सबसे अधिक प्रभाव बारा गांव के उन सैकड़ों किसानों पर पड़ा है, जिनकी लगभग एक हजार एकड़ से अधिक कृषि योग्य भूमि गंगा के उस पार फिरोजपुर गांव के पास स्थित है। खेती-बारी के कार्यों के लिए इन किसानों को दिन में कई बार नदी पार करनी पड़ती है, जो अब असंभव हो गया है।
आवागमन बाधित होने के कारण अब ग्रामीणों और किसानों के पास नदी पार करने के लिए केवल नाव का ही एकमात्र सहारा बचा है। बारा निवासी शाहिद खां उर्फ सोनू, मु. मकसूद खां, मु. फैयाज खां समेत कई अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पीपा पुल टूटने से न केवल खेती प्रभावित हो रही है, बल्कि रिश्तेदारों के यहाँ आने-जाने वाले लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि इस वर्ष यह पीपा पुल दिसंबर माह में शुरू हुआ था, लेकिन सीजन पूरा होने से पहले ही आंधी की भेंट चढ़ गया। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पीपा पुल की तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि क्षेत्र का आवागमन फिर से बहाल हो सके।