सर्राफा व्यवसायी और उनके शिक्षक पुत्र का संदिग्ध परिस्थितियों में अपहरण, क्षेत्र में हड़कंप

सर्राफा व्यवसायी और उनके शिक्षक पुत्र का संदिग्ध परिस्थितियों में अपहरण, क्षेत्र में हड़कंप

सैदपुर :  नगर के बूढ़ेनाथ महादेव रोड स्थित वार्ड संख्या 6 में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ अज्ञात लोगों ने एक प्रमुख सर्राफा व्यवसायी और उनके शिक्षक पुत्र को उनके घर से उठा लिया।  इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल गर्म है।  प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना कल रात करीब 8 बजे की है।  लखनऊ के नंबर प्लेट वाली दो काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ियाँ कॉलोनी में पहुंचीं।  इन गाड़ियों में सवार लोग सादे कपड़ों में थे और सीधे व्यवसायी के मकान पर पहुंचे। घर के अंदर घुसकर उन्होंने वहां मौजूद दो व्यक्तियों को जबरन वाहन में बिठा लिया। बताया जा रहा है कि वाहन सवार लोगों ने घर जाकर विशिष्ट रूप से उनके नाम लिए और उन्हें बाहर बुलाने को कहा। जैसे ही वे बाहर आए, उन्हें जबरदस्ती गाड़ियों में डालकर ले जाया गया। इस दौरान दोनों पीड़ितों ने विरोध भी किया, लेकिन उनकी एक न चली और सभी के सामने उन्हें ले जाया गया।

 अज्ञात लोगों द्वारा ले जाए गए व्यक्तियों में एक स्थानीय सर्राफा व्यवसायी और उनका पुत्र शामिल है। उनका पुत्र सादात क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत है।पुलिस और प्रशासन की स्थिति:इस चौंकाने वाली घटना के बाद अब तक किसी भी विभाग से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वे लोग पुलिस की किसी टीम का हिस्सा थे या फिर कोई और। स्थानीय पुलिस ने फिलहाल इस मामले के बारे में किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार किया है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।नगर में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं।