घर के बाहर से भैंस चोरी, जांच में जुटी पुलिस
मरदह। जनपद के मरदह थाना अंतर्गत डोडसर गांव में बीती रात बेखौफ चोरों ने एक पशुपालक के दरवाजे पर बंधी कीमती भैंस पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस घटना से इलाके के पशुपालकों में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, डोडसर निवासी अजय राजभर की भैंस उनके दरवाजे पर बंधी हुई थी। परिवार के लोग वहीं पास में सो रहे थे, लेकिन गहरी नींद में होने के कारण उन्हें भैंस चोरी होने की भनक तक नहीं लगी। पीड़ित अजय राजभर ने बताया कि चोरी गई भैंस की कीमत लगभग एक लाख रुपये थी।घटनाक्रम के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि रात करीब 12 बजे तक परिवार के सभी सदस्य जगे हुए थे। रात 2 बजे जब अचानक नींद खुली, तो भैंस को गायब देखकर सबके होश उड़ गए। ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान से यह भैंस चोरी हुई है, कुछ समय पहले भी वहां से एक अन्य भैंस की चोरी हो चुकी है।सूचना मिलते ही 'डायल 112' पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मरदह थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पुलिस चोरों की तलाश में जांच कर रही है।




