ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से पूर्व ग्राम प्रधान के पति और भाजपा नेता की मौत
भावरकोल (गाजीपुर): गाजीपुर जिले के भावरकोल थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटवा-लट्ठूडीह मार्ग पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मिट्टी लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार भाजपा नेता और पूर्व ग्राम प्रधान के पति अखिलेश सिंह (55 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत जगदीशपुर खास निवासी अखिलेश सिंह अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मिट्टी लदवाकर अपने गांव के पास स्थित एक दुकान पर ले जा रहे थे। जैसे ही वह जगदीशपुर संपर्क मार्ग से कोटवा-लट्ठूडीह मुख्य मार्ग पर पहुंचे और ट्रैक्टर को बाएं मोड़ने का प्रयास किया, ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित हो गई। मुड़ने के बजाय ट्रैक्टर सीधे सामने स्थित खाई में जा गिरा। अखिलेश सिंह ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ ट्रैक्टर पर बैठा बसानिया गांव निवासी बॉबी देओल भी चोटिल हुआ है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अखिलेश सिंह को तुरंत उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन रास्ते में भरौनी के पास उन्होंने दम तोड़ दिया। अखिलेश सिंह क्षेत्र के सक्रिय भाजपा नेता थे और जगदीशपुर खास की पूर्व ग्राम प्रधान इंदु देवी के पति थे। उनकी मृत्यु की खबर मिलते ही उनके घर पर सांत्वना देने वालों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिवार में उनकी पत्नी इंदु देवी, माता राज केसरी देवी और उनके बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलते ही भावरकोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




