घर में घुसकर महिला से मारपीट और अभद्रता, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के हमीदपुर गांव में एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट और अभद्रता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, हमीदपुर गांव की रहने वाली दुलारी देवी (पत्नी स्व. जमुना बिंद) ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि बीते 2 मई 2026 को गांव की ही एक महिला, संगीता देवी (पत्नी अजय बिंद), अचानक उनके घर में घुस आई। बिना किसी ठोस कारण के संगीता ने दुलारी देवी के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से उनकी जमकर पिटाई की।
घटना के दौरान जब पीड़िता ने शोर मचाया, तो गांव के लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े। ग्रामीणों को आता देख आरोपी महिला अपशब्दों का प्रयोग करते हुए और पीड़िता को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गई।
इस संबंध में पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिक दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।




