आम के बाग में काल बनकर गिरी पेड़ की डाली, 11 वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत

आम के बाग में काल बनकर गिरी पेड़ की डाली, 11 वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत

कठवामोड़ (गाजीपुर): एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बीते बुधवार को आई भीषण आंधी और बारिश ने एक मासूम की जान ले ली। नोनहरा थाना क्षेत्र के सराय बहादुर गांव में आंधी के दौरान पेड़ की डाली गिरने से घायल हुई 11 वर्षीय मासूम अंजलि ने वाराणसी में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।जानकारी के मुताबिक, सराय बहादुर गांव के निवासी हरे राम यादव की पुत्री अंजलि (11 वर्ष) बुधवार को गांव के ही एक बगीचे में आम चुनने गई थी। उसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ा और तेज आंधी चलने लगी। आंधी इतनी जोरदार थी कि आम के पेड़ की एक भारी डाली टूटकर सीधे अंजलि के ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पांच दिनों तक चला मौत से संघर्षपरिजन आनन-फानन में घायल अंजलि को जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।  पिछले पांच दिनों से अंजलि वाराणसी के अस्पताल में जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रही थी, लेकिन सोमवार को उपचार के दौरान उसने अंतिम सांस ली।गांव में पसरा सन्नाटाजैसे ही परिजन मासूम का शव लेकर गांव पहुंचे, पूरे गांव में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलते ही कठवामोड़ चौकी इंचार्ज अविनाश मणि तिवारी मौके पर पहुंचे और कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने इस दैवीय आपदा पर गहरा दुख व्यक्त किया है।