शादी की खुशियाँ मातम में बदलीं: शर्ट प्रेस करते समय करंट लगने से 18 वर्षीय युवक की मौत

शादी की खुशियाँ मातम में बदलीं: शर्ट प्रेस करते समय करंट लगने से 18 वर्षीय युवक की मौत

सैदपुर: थाना क्षेत्र के महुलियां गाँव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ शादी की तैयारियों के बीच एक घर की खुशियाँ पल भर में मातम में बदल गईं। बुधवार दोपहर को घर में अपनी शर्ट प्रेस कर रहे 18 वर्षीय युवक नीलेश यादव की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुलियां निवासी दिनेश यादव का पुत्र नीलेश यादव अपनी चचेरी बहन की शादी को लेकर बेहद उत्साहित था। 7 मई को बारात आनी थी, जिसके लिए घर में मिठाइयां बन रही थीं और टेंट आदि लगाए जा रहे थे। घर के सभी सदस्य और नीलेश की माँ सुनीता शादी की अन्य तैयारियों में व्यस्त थीं ।  इसी दौरान, नीलेश शादी समारोह में पहनने के लिए अपनी शर्ट खुद प्रेस करने लगा। प्रेस करने के दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया। जब तक परिवार वाले कुछ समझ पाते, तब तक नीलेश की जान जा चुकी थी।  इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गाँव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर से कल डोली उठनी थी, वहाँ आज बेटे की अर्थी उठने की तैयारी हो रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और शादी की सारी तैयारियाँ धरी की धरी रह गईं।