लाखों की चोरी के मामले में बीजेपी नेता को मुकदमा दर्ज कराने के लिए काटने पड़ रहे चक्कर
सैदपुर, गाजीपुर:सैदपुर थाना क्षेत्र के विशनपुरा गांव में एक भाजपा नेता के घर हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिसिया कार्रवाई में देरी का मामला सामने आया है। पीड़ित भाजपा नेता पिछले 15 दिनों (एक पखवारे) से एफआईआर दर्ज कराने के लिए कोतवाली के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उनका मुकदमा नहीं लिखा गया। विशनपुरा (जुनारदार) गांव के निवासी सच्चिदानंद पांडेय, जो भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री और वर्तमान में शक्ति केंद्र संयोजक हैं, ने बताया कि घटना 23 अप्रैल की रात की है। रोज की तरह वे अपने परिवार के साथ सो रहे थे, तभी देर रात चोरों ने घर में घुसकर कई कमरों में रखे लाखों रुपये के जेवर पार कर दिए। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल पीड़ित का आरोप है कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी स्थानीय पुलिस मुकदमा दर्ज करने में टालमटोल कर रही है। थक-हारकर सच्चिदानंद पांडेय ने क्षेत्राधिकारी (CO) रामकृष्ण तिवारी से मुलाकात की और उन्हें प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। CO ने दिए निर्देशमामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ रामकृष्ण तिवारी ने पीड़ित का प्रार्थना पत्र स्वीकार किया और संबंधित थाने को तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।




