वज्रपात से मृत दंपत्ति के बच्चों को मिली ₹10 लाख की सहायता, जिलाधिकारी ने खुद जाकर सौंपे चेक
भंवरकोल, गाजीपुर | जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए गुरुवार दोपहर ग्राम पंचायत ज्ञानपुर का दौरा किया। जिलाधिकारी वहां पिछले दिनों हुए वज्रपात (आकाशीय बिजली) के कारण अपनी जान गंवाने वाले एक दंपत्ति के परिजनों से मिलने पहुंचे थे। मृतक दंपत्ति के आश्रित बच्चों, पुत्र रवि किशन और पुत्री लक्ष्मी को 8 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने 2 लाख रुपये की और सहायता राशि देने की घोषणा की। कुल मिलाकर, पीड़ित बच्चों को 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद सुनिश्चित की गई है। एसडीएम हर्षिता तिवारी ने जानकारी दी कि बच्चों के लिए अंत्योदय कार्ड जारी कर दिया गया है, जो उन्हें एक-दो दिनों में प्राप्त हो जाएगा। डीएम शुक्ला ने बच्चों को भविष्य में शिक्षा और हर संभव सरकारी सहयोग दिलाने का भरोसा दिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मौके पर ही शेष सभी औपचारिकताओं को जल्द से जल्द पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों ने भी जिलाधिकारी के इस कदम की सराहना की है।




