सैदपुर में भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

 सैदपुर में भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत


सैदपुर (गाजीपुर): उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर औड़िहार गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।  मृतक की पहचान 35 वर्षीय रितेश सिंह के रूप में हुई है, जो खानपुर थाना क्षेत्र के गजाधरपुर गांव के निवासी थे और प्रभुनारायण सिंह के पुत्र थे। जानकारी के अनुसार, रितेश बुधवार रात करीब 8:30 बजे सैदपुर से अपने घर जा रहे थे। तभी औड़िहार गांव के पास वाराणसी की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद राहगीरों ने वहां से गुजर रही एक एम्बुलेंस की मदद से रितेश को तुरंत सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया के तहत शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेना चाहा  लेकिन, अस्पताल पहुंचे परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ मना कर दिया। परिजनों ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर बिना पोस्टमार्टम के ही शव का पंचनामा कराया और अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए।