पोखरीपुर में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन, कलश यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

पोखरीपुर में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन, कलश यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर। क्षेत्र के पोखरीपुर गांव में शनिवार को आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा के शुभारंभ से पूर्व सुबह 9 बजे सिद्धनाथ मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवतियां सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। यात्रा पूरे गांव का भ्रमण करते हुए कथा स्थल पोखरीपुर पहुंची, जहां विधि-विधान से सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया।वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक श्री कृष्णा शरण जी महाराज ने शाम 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक श्रद्धालुओं को कथा रसपान कराया। कथा के दौरान उन्होंने समाज में बढ़ती बुराइयों, नैतिक पतन और कुविचारों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि “घर-घर में कुंडली मार बैठा है कलयुग का रावण, कहां से इतने राम मैं लाऊं।” उनके इस संदेश ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आत्ममंथन के लिए प्रेरित किया।कथा व्यास 15 वर्षीय कृष्ण शरण दास जी ने आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की। संगीतमय कथा और भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।