21 दिन में तीन बड़ी चोरियां, अब तक एक भी खुलासा नहीं; खानपुर पुलिस पर उठे सवाल
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। बीते 21 दिनों के भीतर क्षेत्र में तीन बड़ी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में दहशत के साथ-साथ पुलिस के प्रति नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।सबसे चर्चित मामला मौधा गांव का है, जहां बीते 18 अप्रैल शनिवार की रात अज्ञात चोर छत के रास्ते दो घरों में घुस गए थे और लाखों रुपये के गहने व नकदी चोरी कर फरार हो गए थे। घटना के 21 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके अलावा ग्राम नापकडीह निवासी वेद प्रकाश सिंह के घर भी चोरों ने पीछे की खिड़की की जाली काटकर कमरे में घुसकर करीब 50 हजार रुपये नकद, सोने के झुमके व टप्स तथा 20 पुराने चांदी के सिक्के चोरी कर लिए थे। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे।
वहीं हाल ही में एक सिपाही के घर भी चोरी की बड़ी घटना सामने आई, जहां अज्ञात चोर नगदी सहित करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस इस मामले में भी अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और खुलासा न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात की गश्त न के बराबर है, जिससे चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासा कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की जांच जारी है और जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।




