घायल दुकानदार को नहीं मिला समय पर इलाज, खानपुर सीएचसी में डॉक्टर गायब मिलने पर बढ़ा आक्रोश
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। थाना क्षेत्र के भरपूर तियरा निवासी धर्मेंद्र पाण्डेय पुत्र हरिनारायण पाण्डेय के साथ तेलियानी स्थित उनकी दुकान पर कुछ मनबढ़ युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि शनिवार की रात करीब 7:30 बजे वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे, तभी गदनपुर निवासी अभिषेक यादव पुत्र रामवृक्ष यादव और आदर्श यादव पुत्र राकेश यादव वहां पहुंचे और काउंटर पर गुटखा थूकने को लेकर विवाद करने लगे। देखते ही देखते दोनों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला कर दिया।धर्मेंद्र पाण्डेय ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने मारपीट के दौरान पंच से उनकी नाक पर हमला किया, जिससे वह लहूलुहान हो गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी दुकान से पूरे दिन की करीब 7 हजार रुपये की कमाई भी लूट ले गए। शोर सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उनकी जान बचाई।घटना के बाद घायल धर्मेंद्र इलाज के लिए खानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन रात करीब 8 बजे अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। हालत गंभीर होने पर परिजन और स्थानीय लोगों को उन्हें सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाना पड़ा, जहां उनका उपचार कराया गया। घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर डॉक्टर मिल जाते तो घायल को दूसरे अस्पताल ले जाने की मजबूरी नहीं होती।पीड़ित ने मेडिकल कराने के बाद रविवार को खानपुर थाने में लिखित तहरीर दी। इस संबंध में खानपुर थानाध्यक्ष राजीव पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।




