दो अलग-अलग सड़क हादसों दो मासूमों समेत 6 गंभीर रूप से घायल

दो अलग-अलग सड़क हादसों दो मासूमों समेत 6 गंभीर रूप से घायल

सैदपुर (गाजीपुर): थाना क्षेत्र के मदारीपुर स्थित गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक अनियंत्रित तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो मासूम बच्चियों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। 
जानकारी के अनुसार, बासूचक गांव निवासी 43 वर्षीय प्रकाश कुमार अपनी 18 वर्षीय बेटी मानसी कुमारी, 6 वर्षीय आयुषी उर्फ लड्डू और 6 वर्षीय लाडो को बाइक पर बैठाकर वाराणसी की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वे मदारीपुर स्थित एक ढाबे के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक लहराती हुई पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप की रफ्तार बहुत तेज थी और उसे देखकर ऐसा लग रहा था जैसे चालक नशे की हालत में हो। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है।
दूसरी घटना: सैदपुर क्षेत्र के ही रावल मोड़ पर एक अन्य सड़क हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। सदर निवासी 30 वर्षीय मोहम्मद ताहिर अपनी 24 वर्षीय बहन साहिबा के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे। रावल मोड़ के पास उनकी टक्कर दूसरी बाइक से हो गई। इस हादसे में भाई-बहन दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद CHC से रेफर कर दिया गया है।