सैदपुर पहुँची स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की 81 दिवसीय 'गोविष्टि यात्रा', सरकार पर जमकर साधा निशाना

सैदपुर पहुँची स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की 81 दिवसीय 'गोविष्टि यात्रा', सरकार पर जमकर साधा निशाना

सैदपुर (गाजीपुर): ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती अपनी 81 दिवसीय 'गोविष्टि यात्रा' के क्रम में शनिवार को गाजीपुर के सैदपुर पहुँचे। सैदपुर पहुँचने पर सनातन धर्मावलंबियों और स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर और माल्यार्पण कर उनका भव्य स्वागत किया। पूर्व निर्धारित रूट से हटकर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद यात्रा के सह-संयोजक मनोज सिंह के पैतृक गाँव परसनी पहुँचे। वहां उन्होंने ग्रामीणों को अपना आशीर्वचन दिया और उनके साथ समय बिताया। इसके बाद यात्रा सैदपुर के लिए रवाना हुई, जहाँ कार्यक्रम संयोजक रमेश यादव 'डब्लू' और व्यवस्थापक शिवम वर्मा 'कल्लू' के नेतृत्व में भक्तों ने भारी उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया। नगर पंचायत कार्यालय के पास आयोजित एक धर्म सभा में शंकराचार्य ने लोगों को गौ रक्षा का संकल्प दिलाया। उन्होंने मांग की कि गौ माता को 'पशु' की श्रेणी से हटाकर 'राष्ट्र माता' का दर्जा दिया जाए और पूरे देश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगे।सरकार पर कड़ा प्रहार:स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अपने संबोधन में भाजपा, आरएसएस, मोदी और योगी सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर सत्ता में आई सरकार गौ हत्यारों से वोट और नोट दोनों ले रही है। उन्होंने यह भी कहा कि "डबल और ट्रिपल इंजन की सरकारों में सिर्फ इंजन ही है, आम जनता के लिए कोई डिब्बा नहीं है"। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि जो दल गौ रक्षा की बात नहीं करते, उन्हें वोट न दिया जाए। गोरखपुर से शुरू हुई यह ऐतिहासिक यात्रा प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य गायों के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और सनातनी मूल्यों की रक्षा करना है। इस मौके पर जिला सह संयोजक मनोज सिंह, स्थानीय संयोजक रमेश यादव, व्यवस्थापक शिवम वर्मा कल्लू, काजल किन्नर, पूर्व सभासद राजकुमार वर्मा, मनेंद्र द्विवेदी, यशवीर सिंह आदि रहे। यहां से यात्रा लंका मैदान के लिए रवाना हो गयी।