बोलेरो और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर में 8 माह के मासूम की मौत, पांच अन्य घायल

बोलेरो और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर में 8 माह के मासूम की मौत, पांच अन्य घायल

शादियाबाद : शादियाबाद थाना क्षेत्र के बादशाहपुर (अड़रिया) गांव के पास सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक बोलेरो और ट्रैक्टर की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में 8 महीने के एक मासूम बच्चे की जान चली गई, जबकि बोलेरो चालक समेत पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।  घटना का विवरणप्राप्त जानकारी के अनुसार, दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के सिखड़ी गांव निवासी नरेन्द्र कश्यप (35) अपनी पत्नी संजू कश्यप (30), आठ माह के पुत्र शिवान कश्यप, भाई दिलीप कश्यप (25) और मां अनुसुइया देवी (60) के साथ बोलेरो से सैदपुर दवा लेने जा रहे थे। बोलेरो को शिवम यादव चला रहा था।  जैसे ही उनकी गाड़ी शादियाबाद-बहरियाबाद मुख्य सड़क पर बादशाहपुर गांव के पास पहुँची, बहरियाबाद की ओर से सीमेंट पाइप लादकर आ रहे एक ट्रैक्टर की ट्रॉली से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।राहत और बचाव कार्यहादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और सभी घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनिहारी भेजा। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहाँ डॉक्टरों ने 8 माह के मासूम शिवान कश्यप को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज फिलहाल जिला अस्पताल में चल रहा है।फरार हुआ ट्रैक्टर चालक हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर और क्षतिग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर थाने पहुँचा दिया है। परिजनों ने मृत मासूम का गाजीपुर गंगा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।