चंदौली में चलती ट्रेन में युवक की गोली मारकर हत्या, हमलावर शव फेंककर हुए फरार
चंदौली: डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बदमाशों ने चलती ट्रेन में एक युवक की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी और उसकी मौत के बाद शव को ट्रेन से नीचे फेंक दिया। घटना का विवरणमृतक की पहचान मंगरू चौधरी (34) के रूप में हुई है, जो गाजीपुर जिले के जमानिया, चौधरी मोहल्ला का निवासी था। बताया जा रहा है कि मंगरू कर्नाटक में मछली पकड़ने का काम करता था और वहां से वापस अपने घर लौट रहा था। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे जब ट्रेन डीडीयू जंक्शन से रवाना हुई, तो कुछमन और सकलडीहा स्टेशनों के बीच कोच में सवार दो संदिग्ध युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस बढ़ने पर एक हमलावर ने मंगरू की कनपटी पर गोली मार दी। गोली चलने से कोच में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों के बीच दहशत पैदा करने के बाद, हमलावरों ने मंगरू के लहूलुहान शव को चलती ट्रेन से नीचे रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। इसके बाद, सकलडीहा स्टेशन के पास ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर दोनों हमलावर पिट्ठू बैग लेकर कूदकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी डीडीयू और अलीनगर, चंदौली व सकलडीहा थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इब्राहिमपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रेल एसपी प्रशांत वर्मा ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हमलावरों की तलाश में डीडीयू जंक्शन और आसपास के स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।




