भीषण सड़क हादसे में पकड़ी गांव के ग्राम प्रधान गंभीर रूप से घायल
रेवतीपुर (गाजीपुर): स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत ताड़ीघाट-बारा नेशनल हाईवे पर रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में पकड़ी गांव के वर्तमान ग्राम प्रधान सच्चिदानंद राय उर्फ मल्लू राय (46 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान सच्चिदानंद राय अपनी बाइक से भदौरा से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह उतरौली पुलिया के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रधान सड़क पर काफी दूर जा गिरे और मौके पर ही बेहोश हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रेवतीपुर ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। बताया जा रहा है कि हालत स्थिर होने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। इस दुर्घटना की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में समर्थक और ग्रामीण उनका हालचाल जानने के लिए अस्पताल और उनके आवास पर एकत्र होने लगे।




