बंदरों के आतंक से ग्रामीण परेशान, बच्चों-बुजुर्गों में दहशत

बंदरों के आतंक से ग्रामीण परेशान, बच्चों-बुजुर्गों में दहशत

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर। क्षेत्र के सिधौना,रामपुर,मौधा और अनौनी गांव में इन दिनों बंदरों का आतंक ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। करीब एक दर्जन छोटे-बड़े बंदर गांव में घूम-घूमकर उत्पात मचा रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।ग्रामीणों के अनुसार बंदर आए दिन घरों में घुसकर खाद्य सामग्री उठा ले जाते हैं। वहीं छतों पर लगे डिश एंटीना, बिजली के तार और अन्य सामानों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। कई बार बंदर लोगों पर झपट्टा मारने की कोशिश करते हैं, जिससे ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। परिवार के लोग बच्चों को अकेले बाहर भेजने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से बंदरों को पकड़वाकर गांव से हटाने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।