गाजीपुर की बेटी दीक्षा कुशवाहा ने रोइंग में जीते चार पदक, जिले का नाम किया रोशन
देवकली। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले की रहने वाली 21 वर्षीय दीक्षा कुशवाहा ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी रोइंग चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सैदपुर ब्लॉक के राजनपुर (मुढियार) निवासी दीक्षा ने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल चार पदक जीतकर अपने जिले, प्रदेश और विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है। चंडीगढ़ में हुआ आयोजन एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) के तत्वावधान में इस प्रतियोगिता का आयोजन चंडीगढ़ में 5 मई से 26 मई तक किया गया। दीक्षा ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है।
दीक्षा ने प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया:
2000 मीटर महिला सिंगल स्कल: सिल्वर मेडल
2000 मीटर लाइटवेट महिला डबल स्कल: गोल्ड मेडल
500 मीटर महिला सिंगल स्कल: गोल्ड मेडल
500 मीटर लाइटवेट महिला डबल स्कल: गोल्ड मेडल
कुल मिलाकर दीक्षा ने तीन स्वर्ण (Gold) और एक रजत (Silver) पदक अपने नाम किए। दीक्षा के पिता, सूबेदार अशोक सिंह कुशवाहा, भारतीय सेना की 70 इंजीनियर रेजिमेंट में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती दुर्गवती देवी एक गृहिणी हैं। दीक्षा वर्तमान में हैदराबाद की हुसैन सागर झील में द्रोणाचार्य अवॉर्डी कोच इस्माइल बेग के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। वह राष्ट्रीय स्तर पर तेलंगाना राज्य का प्रतिनिधित्व करती हैं। दीक्षा की इस बड़ी उपलब्धि पर उनके गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इससे पहले भी उन्होंने कटक (ओडिशा) में आयोजित इंडोर रोइंग नेशनल चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा दिखाई थी। धर्मेंद्र कुशवाहा, अशोक, रामाश्रय, रामकृत, ओंकार और राजेश कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोगों ने उनकी इस सफलता पर खुशी जताई है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।




