ओमप्रकाश राजभर के कार्यकर्ता की थाने में बेरहमी से पिटाई, कान का पर्दा फटा; पुलिस पर गंभीर आरोप
गाजीपुर: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के एक कार्यकर्ता के साथ पुलिस द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। खबर के मुताबिक, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के बूथ अध्यक्ष सुभाष राजभर को बरेसर थाने के नायब दरोगा ने कथित तौर पर इतना पीटा कि उनके कान का पर्दा फट गया और नाक से खून बहने लगा। यह विवाद गाजीपुर के तहसील कासिमाबाद के ग्रामसभा तिलहवा में एक सरकारी जमीन से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि साल 2001 में सार्वजनिक उपयोग के लिए आवंटित इस जमीन पर 2017-18 में विधायक निधि से मैरिज हॉल का निर्माण कराया गया था। कीमती जमीन होने के कारण भू-माफियाओं की नजर इस पर थी और वे इस पर कब्जा कर बेचने की कोशिश कर रहे थे।
सुभाष राजभर लगातार इस सरकारी जमीन को बचाने के लिए आवाज उठा रहे थे और अधिकारियों को शिकायत पत्र दे रहे थे। आरोप है कि इसी से नाराज होकर भू-माफियाओं के दबाव में पुलिस ने यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, 10 मई की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे नायब दरोगा कृष्णकांत पाण्डेय, सुभाष राजभर को उनके घर से उठाकर थाने ले गए। वहां कथित तौर पर जमीन के मामले में "सुलह" करने का दबाव बनाया गया। जब कार्यकर्ता ने इनकार किया, तो उनकी बेरहमी से पिटाई की गई।




