मौधा में सफाई व्यवस्था बदहाल, ग्रामीण खुद करा रहे नालियों की सफाई

मौधा में सफाई व्यवस्था बदहाल, ग्रामीण खुद करा रहे नालियों की सफाई

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर। क्षेत्र के मौधा गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव में सफाई कर्मचारी के नियमित रूप से न आने और ग्राम पंचायत की अनदेखी से नाराज ग्रामीण अब खुद ही नालियों की सफाई कराने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 10 वर्ष पूर्व बनी नालियों की आज तक सही तरीके से सफाई नहीं कराई गई, जिससे जगह-जगह गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है।ग्रामीणों ने बताया कि कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद गांव के लवकुश राजभर, दिलबहार राजभर, राजू राजभर सहित अन्य ग्रामीणों ने आपस में श्रमदान और सहयोग राशि जुटाकर नालियों की सफाई कराई। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और जिम्मेदार कर्मचारियों की जवाबदेही तय हो, ताकि लोगों को खुद सफाई कराने के लिए मजबूर न होना पड़े। खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र कुमार यादव ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच हो रही है अगर जिम्मेदार लोग दोषी पाए गए तो कार्रवाई होगी।