एक माह में चौथी वारदात, चोरों ने फिर दी खानपुर पुलिस को चुनौती
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। थाना क्षेत्र के उचौरी गांव में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बुधवार रात अज्ञात चोरों ने घर के बाहर खड़ी किसान की बोलेरो गाड़ी चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत और पुलिस गश्त को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि एक माह के भीतर मौधा के दो घरों से 70 लाख के गहने व नगदी नायाकडीह में पुलिस वाले के घर से हुई लाखों की चोरी फिर आज उचौरी चौथी बड़ी वारदात है, लेकिन अब तक पुलिस किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।उचौरी निवासी रामदरश कुशवाहा खेती-किसानी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। खेती के साथ ही लगन और शादी-विवाह के मौसम में बोलेरो चलाकर अतिरिक्त आय भी अर्जित करते थे। रोज की तरह वह रात में अपनी बोलेरो घर के बाहर खड़ी कर सोने चले गए। सुबह उठने पर गाड़ी गायब देख उनके होश उड़ गए।पीड़ित ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में रात करीब 2 बजे से ढाई बजे के बीच एक युवक बोलेरो लेकर जाता दिखाई दे रहा है।घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने खानपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बेहद कमजोर हो गई है, जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द वाहन बरामद करने और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।




