मकरसन में युवक पर जानलेवा हमला, पेट में धारदार हथियार से वार

मकरसन में युवक पर जानलेवा हमला, पेट में धारदार हथियार से वार

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर। थाना क्षेत्र के मकरसन गांव निवासी युवक पर मंगलवार देर रात जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक का इलाज वाराणसी ट्रामा सेंटर में चल रहा है। पुलिस हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, ग्राम मकरसन निवासी सूरज राजभर (25) पुत्र रामभरत राजभर मंगलवार की रात अपने करहट स्थित घर पर पत्नी और बच्चों के साथ सोने के लिए गए थे। परिजनों के मुताबिक रात करीब 9:30 बजे तीन मोटरसाइकिलों से पहुंचे 5-6 अज्ञात लोगों ने घर के दरवाजे के बाहर सूरज राजभर को घेर लिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान हमलावरों ने धारदार हथियार से उनके पेट पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। परिजन आनन-फानन में घायल सूरज को इलाज के लिए चंदवक, जौनपुर ले गए, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वर्तमान में उनका इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है।  परिजनों ने बताया कि सूरज राजभर मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता है और कुछ दिनों पहले ही गांव आया था। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस और परिजन हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं।