सैदपुर में हाईवे पर फर्जी तरीके से चल रहा आयुष्मान अस्पताल सील, एक मरीज रेस्क्यू

सैदपुर में हाईवे पर फर्जी तरीके से चल रहा आयुष्मान अस्पताल सील, एक मरीज रेस्क्यू


सैदपुर : जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर प्रशासनिक और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सैदपुर उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, एडिशनल सीएमओ डॉ. रामकुमार और स्थानीय पुलिस की टीम ने नंदगंज क्षेत्र के रामपुर बनतरा स्थित हाईवे पर फर्जी तरीके से संचालित हो रहे 'आयुष्मान अस्पताल' को सील कर दिया है।  कार्रवाई के दौरान हैरान करने वाला मामला सामने आया। जब टीम अस्पताल पहुंची, तो वहां कोई भी डॉक्टर या कर्मचारी मौजूद नहीं था। पूरा स्टाफ मौके से फरार हो चुका था।  पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा।  एडिशनल सीएमओ डॉ. रामकुमार ने बताया कि इस अस्पताल के खिलाफ बीते 29 अगस्त 2025 को भी नंदगंज थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद प्रशासन के नियमों को ताक पर रखकर यहां मरीजों का अवैध रूप से इलाज जारी था। जांच के दौरान टीम को अस्पताल में भर्ती अवस्था में एक महिला मरीज मिली। मरीज की पहचान छपरा सादात गांव की निवासी रुची राजभर के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से पेट दर्द की शिकायत के कारण इस अस्पताल में भर्ती थीं। अस्पताल में किसी डॉक्टर के न होने पर जांच टीम ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर महिला मरीज को देवकली स्थित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। कार्रवाई के दौरान नायाब तहसीलदार अजय वर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।