औचक निरीक्षण में अनुपस्थित मिले स्वास्थ्य कर्मी, चिकित्सा अधीक्षक ने काटा वेतन

औचक निरीक्षण में अनुपस्थित मिले स्वास्थ्य कर्मी, चिकित्सा अधीक्षक ने काटा वेतन

रेवतीपुर  । स्वास्थ्य केंद्रों की जमीनी हकीकत परखने के लिए चिकित्सा अधीक्षक द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। ड्यूटी से गायब और लापरवाह पाए जाने पर चिकित्सा अधीक्षक ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने एक चिकित्सक सहित तीन स्वास्थ्य कर्मियों का दो दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही संबंधित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया है। चिकित्सा अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, चिकित्सा अधीक्षक सबसे पहले मेदनीपुर स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां की अव्यवस्था और स्थिति को देखकर वह नाराज हो उठे। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर तैनात एक चिकित्सक, एक स्टाफ नर्स और एक फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिले। जिम्मेदार कर्मियों की इस गैरहाजिरी पर चिकित्सा अधीक्षक ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
मेदनीपुर के बाद चिकित्सा अधीक्षक सीधे डेढगावां नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के लिए रवाना हुए, ताकि वहां की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया जा सके। इस कार्रवाई से क्षेत्र के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।