कार्यक्रम से लौट रहे स्कॉर्पियो सवारों की ट्रक से टक्कर, कई घायल; मरदह सीएचसी में भर्ती

कार्यक्रम से लौट रहे स्कॉर्पियो सवारों की ट्रक से टक्कर, कई घायल; मरदह सीएचसी में भर्ती

मरदह । एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार्यक्रम से लौट रहे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद स्कॉर्पियो गाड़ी से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी स्कॉर्पियो की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे गाड़ी में सवार लोग हादसे का शिकार हो गए।
इस सड़क दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों को तुरंत उपचार के लिए मरदह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया। घायलों में गोलगढ़ी घोसी (जिला मऊ) के लल्लन चौहान, संजय चौहान, प्रदीप चौहान और कुत्तूपुर गोहना (मुहम्मदाबाद, जिला मऊ) के निवासी अश्वनी चौहान शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में से ब्रिकेश चौहान, संजय चौहान और लालचन्द्र चौहान की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मरदह थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को ट्रक समेत अपनी हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही, दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को रास्ते से हटाकर फोरलेन मार्ग के एक लेन पर बाधित हुए आवागमन को दोबारा सुचारू रूप से चालू करवा दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।