तेज रफ्तार बाइक गड्ढे में गिरने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
रेवतीपुर । गहमर थाना क्षेत्र के सायर गांव के रहने वाले 22 वर्षीय अनुज कुमार राम की एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। अनुज अपने दो साथियों के साथ हसनपुरा गांव में अपने चचेरे जीजा के घर आया हुआ था। देर शाम वह अपने साथियों से "अभी आ रहा हूं" कहकर बाइक लेकर निकला था।
हसनपुरा के पास एक क्षतिग्रस्त पुलिया के पास अनुज की तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। बाइक सीधे सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों द्वारा घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भदौरा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी रेफर किया गया, परंतु वाराणसी पहुंचने से पूर्व ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
युवक की असामयिक मृत्यु के समाचार से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। शव के घर पहुँचने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। जानकारी के अनुसार, मृतक दो भाइयों में बड़ा था और चेन्नई में एक निजी संस्थान में कार्यरत था। वह कुछ समय पहले ही अवकाश पर अपने घर आया था। इस हृदयविदारक घटना के बाद से सायर गांव में मातम पसरा हुआ है।




