दिलदारनगर में कक्षा 11 के छात्र के अपहरण का प्रयास, पुलिस में तहरीर दर्ज

दिलदारनगर में कक्षा 11 के छात्र के अपहरण का प्रयास, पुलिस में तहरीर दर्ज


दिलदारनगर ।  थाना क्षेत्र के धनाढ़ी-देवल मार्ग पर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ कक्षा 11 के एक छात्र को जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने (अपहरण) का प्रयास किया गया। घटना के बाद से पीड़ित छात्र अत्यधिक डरा-सहमा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गहमर थाना क्षेत्र के मनिया गाँव के रहने वाले जावेद ने दिलदारनगर थाने में लिखित तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र अदनान खान, जो कक्षा 11 का छात्र है, मंगलवार को स्कूल वाहन (वैन) से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान धनाढ़ी गाँव के पास दो बाइकों पर सवार कुछ युवकों ने स्कूल वाहन को जबरन रोक लिया।
बदमाशों ने छात्र अदनान को वैन से नीचे उतार लिया और उसे अपनी बुलेट बाइक पर जबरन बैठाने का प्रयास करने लगे। छात्र के शोर मचाने पर स्कूल वाहन का चालक और आस-पास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देख आरोपी युवक मौके से फरार हो गए।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि भागते समय आरोपी युवकों ने छात्र को जान से मारने और दोबारा अपहरण करने की धमकी भी दी है। पीड़ित पिता ने गुरुवार को थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।