रेलवे ट्रैक के किनारे मिला अधेड़ का शव, जांच में जुटी पुलिस
मुहम्मदाबाद। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के हाटा पुल के पास यूसुफपुर-बलिया रेलवे ट्रैक के किनारे बृहस्पतिवार शाम 8 बजे के करीब एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के पास मिले सामानों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति किसी ट्रेन से गिरा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम करीब 8 बजे स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे एक अधेड़ का शव देखा। इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।पुलिस को मृतक के शव के ठीक बगल में एक गठ्ठर मिला, जिसमें परवल भरा हुआ था। परवल का गठ्ठर मिलने के बाद इलाके में कई तरह की चर्चाएं और आशंकाएं जताई जा रही हैं। कयास लगाया जा रहा है कि व्यक्ति परवल लेकर कहीं जा रहा था और पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रेन से नीचे गिर गया।मामले की जानकारी देते हुए उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि अधेड़ व्यक्ति किसी चलती ट्रेन से गिर गया, जिससे चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस भेज दिया है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में उसकी हुलिया और कपड़ों की जानकारी साझा की गई है ताकि जल्द से जल्द उसकी शिनाख्त की जा सके। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है




