सड़क हादसे में लेखपाल गंभीर रूप से घायल, प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर

सड़क हादसे में लेखपाल गंभीर रूप से घायल, प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर


सैदपुर। सदर तहसील के रानीपुर क्षेत्र में तैनात लेखपाल दिव्यांशु यादव (32 वर्ष) शुक्रवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना थाना क्षेत्र के महरूरपुर के पास हुई, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मूल रूप से जौनपुर के निवासी दिव्यांशु यादव वर्तमान में सदर तहसील में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं। मिली जानकारी के अनुसार, वे दो दिनों की छुट्टी बिताने के बाद अपनी बाइक से वापस गाजीपुर जा रहे थे। जैसे ही वे महरूरपुर के समीप पहुंचे, एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि लेखपाल दिव्यांशु यादव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनके सीने और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कई लेखपाल और नायब तहसीलदार मौके पर और अस्पताल पहुंचे। अधिकारी और सहकर्मी घायल लेखपाल को बेहतर इलाज के लिए खुद अपनी देखरेख में वाराणसी ले गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।