छह साल बाद भी मौधा पावर हाउस में नहीं शुरू हुई मेन सप्लाई, 22 गांवों के लाखों लोग परेशान

छह साल बाद भी मौधा पावर हाउस में नहीं शुरू हुई मेन सप्लाई, 22 गांवों के लाखों लोग परेशान


खानपुर। जोहरगंज 33/11 पावर हाउस से करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित मौधा पावर हाउस का उद्घाटन हुए छह वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक यहां मेन सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। बिजली विभाग की इस बड़ी अनदेखी का खामियाजा क्षेत्र के 22 गांवों की लाखों की आबादी को भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय लोग लो वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और ओवरलोडिंग की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं।  ग्रामीणों और किसानों का कहना है कि दोनों उपकेंद्रों (जोहरगंज और मौधा) को आपस में जोड़ने के रास्ते में रेलवे रोड एक बड़ी बाधा बना हुआ है। इसके कारण लाइन जोड़ने का काम अटका पड़ा है।   मेन सप्लाई न होने के कारण मौधा और सौना बिजली घर से जुड़े गांवों के उपभोक्ता और किसान लगातार परेशान हैं। इस समय किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है।  उपभोक्ताओं और स्थानीय किसानों का कहना है कि यदि मौधा पावर हाउस को जोहरगंज पावर स्टेशन से जोड़ दिया जाए, तो क्षेत्र में बिजली की समस्या दूर हो जाएगी। इससे धान की फसलों की सिंचाई व्यवस्था बेहतर होगी, जिससे फसलों की पैदावार में भी काफी वृद्धि होगी। ग्रामीणों ने विभाग से इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने की मांग की है।