सादात में दिनदहाड़े महिला से उचक्कागिरी, छह हजार रुपये और गहनों से भरा थैला लेकर बदमाश फरार

सादात में दिनदहाड़े महिला से उचक्कागिरी, छह हजार रुपये और गहनों से भरा थैला लेकर बदमाश फरार


सादात । थाना अंतर्गत सादात नगर में शनिवार को दिनदहाड़े उचक्कागिरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर बदमाशों ने एक महिला को अपनी बातों में बहला-फुसलाकर हजारों की नकदी और जेवरातों से भरा थैला पार कर दिया और मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला शनिवार सुबह बाजार में खरीदारी करने आई थीं। इसी दौरान दो शातिर युवक उनके पास पहुंचे और आगे का रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। युवकों ने महिला के प्रति हमदर्दी जताते हुए तेज धूप का हवाला दिया और उन्हें आगे तक छोड़ने की बात कही। जब महिला ने अपने गांव का नाम बताया, तो युवकों ने मदद का बहाना बनाकर उनके हाथ से खरीदारी के सामान और गहनों वाला थैला ले लिया। इसके बाद शातिर उचक्के महिला को चकमा देकर छह हजार रुपये और गहनों से भरा थैला लेकर रफूचक्कर हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश के साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।