बास काटने से मना करने पर महिला को पीटा, सिर फटा; चार पर मुकदमा
मरदह: बिरनो थाना क्षेत्र के ग्राम पारा चौराह निवासी कांति देवी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने बिरनो के हिमांशु, हीरा राम और ग्राम पारा निवासी दो अन्य सहित कुल चार लोगों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता कांति देवी ने बताया कि विपक्षी उनके घर के बगल में स्थित बास (बांस) को काट रहे थे। जब उन्होंने ऐसा करने से मना किया, तो हमलावरों ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया।
इस बेरहमी से की गई मारपीट में कांति देवी लहूलुहान हो गईं और उनका सिर फट गया। घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए बिरनो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




