प्रशासन से नाराज युवक 130 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा, मचा हड़कंप
रेवतीपुर। सुहवल थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक पारिवारिक जमीन विवाद के चलते एक युवक करीब 130 फीट ऊंचे एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान सरैयां गांव निवासी सुनील बिंद के रूप में हुई है। इस घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और युवक के परिजनों में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सुबह अचानक गांव में स्थित एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह टावर के ऊपर से लगातार प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जता रहा था। घटना की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से टावर के आसपास के क्षेत्र को खाली कराया। अधिकारियों ने युवक से बातचीत करने और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
पुलिस कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने सुनील बिंद को समझाने-बुझाने की कोशिश की ताकि वह सुरक्षित नीचे आ सके। प्रशासन द्वारा युवक की मांगों को सुनने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी रहे ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।




