सड़क किनारे गड्ढे में मिला लापता महिला का शव, सिर और मुंह पर चोट के निशान
मुहम्मदाबाद : मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के मानकपुर गांव की रहने वाली एक 50 वर्षीय महिला का शव रविवार सुबह सड़क किनारे एक गड्ढे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान लीलावती देवी, पत्नी शिवमुनी बिंद के रूप में हुई है, जो शनिवार देर शाम से लापता थीं।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, लीलावती देवी यूसुफपुर बाजार में सब्जी बेचने का काम करती थीं। शनिवार को भी वह रोज की तरह बाजार में सब्जी बेचने गई थीं। उनके पति शिवमुनी बिंद ने बताया कि शनिवार को सब्जी बेचने के बाद वह रास्ते में सलेमपुर रुक गए थे। जब वह बाद में अपने घर पहुंचे, तो पत्नी घर पर नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की।
महिला के घर न लौटने पर परिजनों और गांव वालों ने पूरी रात खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। रविवार सुबह करीब 5 बजे जब पति शिवमुनी हाटा गांव के पास मुख्य सड़क (मुहम्मदाबाद-चितबड़ागांव मार्ग) पर पहुंचे, तो उन्होंने अंबा हॉस्पिटल के सामने सड़क किनारे एक गड्ढे में लीलावती का शव देखा।
मृतका के सिर और मुंह पर चोट के गहरे निशान मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।




