ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की दर्दनाक मौत,
मुहम्मदाबाद : स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत यूसुफपुर रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ ईंटों से लदी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यूसुफपुर बाजार जाते समय हुआ हादसा मिली जानकारी के मुताबिक, नोनहरा थाना क्षेत्र के डिहवां गांव के रहने वाले श्याम बिहारी राम (50 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय करीमन राम, रविवार सुबह करीब 9 बजे अपनी बाइक से यूसुफपुर बाजार जा रहे थे। वह जैसे ही यूसुफपुर-कासिमाबाद मार्ग पर पहुँचे, तभी सामने से आ रही ईंटों से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। सिर पर गंभीर चोट आने से मौके पर तोड़ा दम प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि श्याम बिहारी बाइक सहित सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में बेहद गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक चोट लगने और खून बह जाने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटना स्थल पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी की और फिर पोस्टमार्टम (पीएम) के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




